मक्काबियों का पहला ग्रन्थ
अध्याय : 1 • 2 • 3 • 4 • 5 • 6 • 7 • 8 • 9 • 10 • 11 • 12 • 13 • 14 • 15 • 16 • पवित्र बाईबल
अध्याय 7
1. जब सिलूकस का पुत्र देमेत्रियस रोम से लौटा, तो एक सौ इक्यावनवाँ वर्ष चल रहा था। वह अपने कुछ आदमियों के साथ समुद्रतट के एक नगर गया और वहाँ राज्य करने लगा।
2. उसने अपने पूर्वजों के राजमहल में प्रवेश किया और उसकी सेना अन्तियोख और लीसियस को गिरफ़्तार कर उन्हें उसके सामने उपस्थित करना चाहती थी।
3. उसने यह जान कर कहा, “मैं उनका मुँह भी देखना नहीं चाहता”।
4. इस पर सैनिकों ने उन्हें मार डाला और देमेत्रियस अपने राजसिंहासन पर बैठा।
5. इसके बाद अलकिमस के नेतृत्व में, जो प्रधानयाजक बनना चाहता था, उसके पास सभी निरीश्वरवादी और धर्मत्यागी इस्राएली आये।
6. उन्होंने राजा के पास आ कर लोगों पर यह अभियोग लगाया, “यूदाह और उसके भाइयों ने आपके सभी मित्रों को मार डाला और अपने देश से हमें भी भगा दिया।
7. आप अपने एक विश्वासपात्र व्यक्ति को भेज कर पता लगवायें कि यूदाह ने हमारे और राजा के देश के साथ कैसा अनर्थ किया है। वह व्यक्ति उन्हें तथा उनके सहायकों को दण्ड दिलाये।”
8. राजा ने अपने मित्रों में बक्खीदेस को चुना, जो नदी पार के प्रदेश का राज्यपाल था तथा राज्य भर में सम्मानित और राजा का विश्वासपात्र था।
9. राजा ने उसे तथा विधर्मी अलकिमस को यह वचन दे कर वहाँ भेजा कि अलकिमस वहाँ का प्रधानयाजक बन जायेगा और उसे यह आदेश दिया कि वह इस्राएलियों से बदला चुकाये।
10. वे बड़ी भारी सेना ले कर चल पड़े और यूदा पहुँचे। उन्होंने यूदाह और उसके भाइयों के पास दूतों द्वारा शान्ति का कपटपूर्ण सन्देश भिजवाया था,
11. लेकिन यह देख कर उन्होंने उनकी बातों पर विश्वास नहीं किया कि वे विशाल सेना के साथ आये थे।
12. उस समय अलकिमस और बक्खीदेस के पास शास्त्रियों का एक दल इस उद्देश्य से एकत्र हो गया कि उपस्थित समस्या का न्यायपूर्वक समाधान किया जाये।
13. इस्राएलियों में हसीदी-समुदाय पहला था, जो शान्तिपूर्वक समस्या का समाधान चाहता था।
14. उन लोगों का कहना था कि वह याजक, जो सेना से साथ आया है, हारून का वंशज है; इसलिए वह हमारे साथ निश्चय ही अन्यायपूर्ण व्यवहार नहीं करेगा।
15. अलकिमस ने उन्हें शान्ति का सन्देश दिया और शपथ खा कर यह वचन दिया, “हम आप को या आपके मित्रों को कोई हानि नहीं पहुँचायेंगे”।
16. उन्होंने उस पर विश्वास किया और तब उसने उन में साठ व्यक्तियों को गिरफ़्तार किया और उन्हें एक ही दिन मार डाला-जैसा कि धर्मग्रन्थ में लिखा है-
17. “उन्होंने येरुसालेम के चारों ओर तेरे सन्तों के शव फेंक दिये और उनका रक्त बहाया। उन को दफ़नाने के लिए कोई नहीं रहा।”
18. इस पर सब लोगों पर भय और आतंक छा गया और उन्होंने कहा, “उनके पास न तो सत्य है और न न्याय। वे अपने वचन और अपनी शपथ से मुकर गये।”
19. बक्खीदेस येरुसालेम से आगे बढ़ा और उसने बेत-जै़थ के पास पड़ाव डाला। वहाँ से उसने आदमी भेज कर उन लोगों में से, जो उसके दल में सम्मिलित हो गये थे, और जनता में से भी कई लोगों को गिरफ़्तार किया, उनका वध किया और बड़े कुएँ में डलवा दिया।
20. इसके बाद बक्खीदेस देश को अलकिमस के अधीन छोड़ कर और उसकी सुरक्षा के लिए उसे एक सेना दे कर राजा के पास लौट आया।
21. अलकिमस ने प्रधानयाजकीय पद पाने के लिए बड़ा यत्न किया।
22. वे सब लोग, जो जनता में आशान्ति फैलाते थे, उसके पीछे हो लिये। उन्होंने यूदा अपने अधिकार में कर लिया और इस्राएल को बड़ी हानि पहुँचायी।
23. यूदाह ने देखा कि अलमिकस और उसके सहचर गै़र-यहूदियों से भी अधिक इस्राएलियों के साथ बुरा व्यवहार करते थे,
24. इसलिए उसने यूदा के सब प्रदेशों का दौरा करते हुए धर्मत्यागी यहूदियों से बदला चुकाया और उन्हें देश के बाहर निकलने से रोक दिया।
25. जब अलकिमस ने देखा कि यूदाह और उसके आदमी शक्तिशाली होते जा रहे हैं और यह समझ लिया कि वह भविष्य में उनका सामना नहीं कर पायेगा, तो वह राजा के पास लौट गया और उन पर भारी अपराधों का अभियोग लगाया।
26. इसलिए राजा ने प्रसिद्ध सेनापति निकानोर को, जो यहूदियों का घोर शत्रु था, वहाँ भेजा और उसे यहूदियों का सर्वनाश करने का आदेश दिया।
27. निकानोर एक बड़ी सेना ले कर येरुसालेम आया। उसने धोखा देने के लिए यूदाह और उसके भाइयों को शान्ति का यह कपटपूर्ण सन्देश भेजा,
28. “मेरे और आपके बीच लड़ाई नहीं होनी चाहिए। इसलिए मैं अपने कुछ लोगों के साथ आप लोगों से शान्तिपूर्वक मिलने आऊँगा।”
29. इस पर वह यूदाह से मिलने गया और उन दोनों ने एक दूसरे का मित्र-भाव से अभिवादन किया; किन्तु शत्रु यूदाह को ज़बरदस्ती उठा ले जाना चाहते थे।
30. यूदाह यह देख कर कि निकानोर उसके साथ विश्वासघात करने के विचार से उसके पास आया है, पीछे हट गया और उसने उस से फिर भेंट करने से इनकार किया।
31. इधर जब निकानोर को पता चला कि यूदाह उसका उद्देश्य समझ गया है, तो वह उस से लड़ने निकल पड़ा। खफ़रसलामा के निकट वे एक दूसरे के विरुद्ध आ डटे।
32. निकानोर के आदमियों में लगभग पाँच सौ मारे गये; शेष लोग दाऊदनगर भाग खड़े हुए।
33. इसके बाद निकानोर सियोन पर्वत गया। कुछ याजक और लोगों के कई नेता सद्भाव से उसे नमस्कार करने मन्दिर के पवित्र क्षेत्र से बाहर आये। वे उसे राजा के कल्याण के लिए चढ़ायी जाने वाली बलि दिखाना चाहते थे।
34. लेकिन उसने उसकी हँसी उड़ायी, उनका अपमान किया और घमण्ड-भरी बातें की।
35. फिर उसने गुस्से में यह शपथ लीः “इस बार यदि यूदाह और उसकी सेना तुरन्त मेरे हाथ में नहीं दी जाती, तो मैं सकुशल लौटने पर यह मन्दिर जला कर रहूँगा”। ऐसा कह वह क्रुद्ध हो कर वहाँ से चल पड़ा।
36. इसके बाद याजक अन्दर गये और बलि-वेदी और मन्दिर के सामने खडे़ हो कर सजल नेत्रों से कहने लगे,
37. “ईश्वर! तूने यह मन्दिर इसलिए चुना था कि तेरा नाम यहाँ प्रतिष्ठित हो और यह तेरी प्रजा के लिए प्रार्थना और विनय का घर हो।
38. अब तू ही इस व्यक्ति और इसकी सेना से बदला ले। वे तलवार के घाट उतारे जायें। याद रख कि इन लोगों ने तेरी निन्दा किस तरह की है। अब इन्हें यहाँ न रहने दे”
39. निकानोर येरुसालेम से चल पड़ा और उसने बेत-होरोन के निकट पड़ाव डाला। वहांँ सीरिया से एक और सैनिक दल उस से आ मिला।
40. इधर यूदाह तीन हज़ार आदमियों के साथ अदासा के पास पड़ाव डाले पड़ा था। यूदाह ने इस प्रकार प्रार्थना की:
41. “एक बार जब राजकीय दूतों ने तेरी निन्दा की थी, तो तेरा एक देवदूत आया था और उनके एक लाख पचासी हज़ार लोगों को मार गिराया था।
42. तू आज भी उसी प्रकार हमारे सामने इसकी सेना का विनाश कर, जिससे अन्य लोग यह जान जायें कि उसने तेरे पवित्र स्थान की निन्दा की है। तू उसके कुकर्म के अनुसार उसका न्याय कर।”
43. इसके बाद दोनों सेनाओं में युद्ध छिड़ गया। अदार मास की तेरहवीं तिथि थी। निकानोर की सेना की करारी हार हो गयी और वह लड़ाई के आरम्भ में ही मारा गया।
44. जैसे ही निकानोर के सैनिकों ने देखा कि वह गिर गया है, वे अपने शस्त्र फेंक कर भाग खड़े हुए।
45. यहूदी अदासा से गेजे़र तक दिन भर तुरहियाँ बजाते हुए उनका पीछा करते रहे।
46. तुरहियाँ सुन कर लोगों ने यहूदिया के आसपास के गाँवों से आ कर सैनिकों को घेरा और उन्हें तलवार के घाट उतारा। उन में एक भी जीवित नहीं रहा।
47. उनका माल लूटा गया, निकानोर का सिर और उसका दाहिना हाथ, जिसे उसने गर्व से ऊपर उठाया था, काट दिया गया और उन्हें ले जा कर येरुसालेम के पास लटका दिया गया।
48. लोगों को अपार आनन्द हुआ और उन्होंने वह दिन महापर्व के रूप में मनाया।
49. यह निश्चित हुआ कि उस दिन, अर्थात् अदार मास की तेरहवीं तिथि के प्रति वर्ष उत्सव मनाया जाये।
50. इसके बाद कुछ दिन यूदा में शान्ति रही।