चालीसे का दूसरा रविवार

आज के संत: संत हेरिबर्ट

📙 पहला पाठ : उत्पत्ति 15: 5-12, 17-18

5 ईश्वर ने अब्राम को बाहर ले जाकर कहा, ”आकाश की और दृष्टि लगाओ और सम्भव हो, तो तारों की गिनती करो”। उसने उस से यह भी कहा, ”तुम्हारी सन्तति इतनी ही बड़ी होगी”।
6 अब्राम ने ईश्वर में विश्वास किया और इस कारण प्रभु ने उसे धार्मिक माना।
7 प्रभु ने उस से कहा, ”मैं वही प्रभु हूँ, जो तुम्हें इस देश का उत्तराधिकारी बनाने के लिए खल्दैयों के ऊर नामक नगर से निकाल लाया था।”
8 अब्राम ने उत्तर दिया, ”प्रभु! मेरे ईश्वर! मैं यह कैसे जान पाऊँगा कि इस पर मेरा अधिकार हो जायेगा?”
9 प्रभु ने कहा, ”तीन वर्ष की कलोर, तीन वर्ष की बकरी, तीन वर्ष का मेढ़ा, एक पाण्डुक और एक कपोत का बच्चा यहाँ ले आना”।
10 अब्राम ये सब ले आया। उसने उनके दो-दो टुकड़े कर दिये और उन टुकड़ों को आमने-सामने रख दिया, किन्तु पक्षियों के दो-दो टुकड़े नहीं किये।
11 गीध लाशों पर उतर आये, किन्तु अब्राम ने उन्हें भगा दिया।
12 जब सूर्य डूबने पर था, तो अब्राम गहरी नींद में सो गया और उस पर आतंक छा गया।

17 सूर्य डूबने तथा गहरा अन्धकार हो जाने पर एक धुँआती हुई अंगीठी तथा एक जलती हुई मशाल दिखाई पड़ी, जो जानवरों के उन टुकड़ों के बीच से होते हुए आगे निकल गयीं।
18 उस दिन प्रभु ने यह कह कर अब्राम के लिए अपना विधान प्रकट किया, ” मैं मिस्त्र की नदी से लेकर महानदी अर्थात् फ़रात नदी तक का यह देश तुम्हारे वंशजों को दे देता हूँ।

📒 दूसरा पाठ : फिलिप्पियों 3: 17- 4:1

17 भाईयो! आप सब मिल कर मेरा अनुसरण करें। मैंने आप लोगों को एक नमूना दिया। इसके अनुसार चलने वालों पर ध्यान देते रहें;

18 क्योंकि जैसा कि मैं आप से बार-बार कह चुका हूँ और अब रोते हुए कहता हूँ, बहुत-से लोग ऐसा आचरण करते हैं कि मसीह के क्रूस के शत्रु बन जाते हैं।

19 उनका सर्वनाश निश्चित है। वे भोजन को अपना ईश्वर बना लेते हैं और ऐसी बातों पर गर्व करते हैं, जिन पर लज्जा करनी चाहिए। उनका मन संसार की चीजों में लगा हुआ है।

20 हमारा स्वदेश तो स्वर्ग है और हम स्वर्ग से आने वाले मुक्तिदाता प्रभु ईसा मसीह की राह देखते रहते हैं।

21 वह जिस सामर्थ्य द्वारा सब कुछ अपने अधीन कर सकते हैं, उसी के द्वारा वह हमारे तुच्छ शरीर का रूपान्तरण करेंगे और उसे अपने महिमामय शरीर के अनुरूप बना देंगे।

1 इसीलिए मेरे प्रिय भाइयो, प्रभु में इस तरह दृढ़ रहिए। प्रिय भाइयो! मुझे आप लोगों से मिलने की बड़ी इच्छा है। आप मेरे आनन्द और मेरे मुकुट हैं।

📕 सुसमाचार: संत लूकस 9: 28-36

28 इन बातों के करीब आठ दिन बाद ईसा पेत्रुस, योहन और याकूब को अपने साथ ले गये और प्रार्थना करने के लिए एक पहाड़ पर चढ़े।

29 प्रार्थना करते समय ईसा के मुखमण्डल का रूपान्तरण हो गया और उनके वस्त्र उज्जवल हो कर जगमगा उठे।

30 दो पुरुष उनके साथ बातचीत कर रहे थे। वे मूसा और एलियस थे,

31 जो महिमा-सहित प्रकट हो कर येरूसालेम में होने वाली उनकी मृत्यु के विषय में बातें कर रहे थे।

32 पेत्रुस और उसके साथी, जो ऊँघ रहे थे, अब पूरी तरह जाग गये। उन्होंने ईसा की महिमा को और उनके साथ उन दो पुरुषों को देखा।

33 वे विदा हो ही रहे थे कि पेत्रुस ने ईसा से कहा, “गुरूवर! यहाँ होना हमारे लिए कितना अच्छा है! हम तीन तम्बू खड़ा कर दें- एक आपके लिए, एक मूसा और एक एलियस के लिए।” उसे पता नहीं था कि वह क्या कह रहा है।

34 वह बोल ही रहा था कि बादल आ कर उन पर छा गया और वे बादल से घिर जाने के कारण भयभीत हो गये।

35 बादल में से यह वाणी सुनाई पड़ी, “यह मेरा परमप्रिय पुत्र है। इसकी सुनो।”

36 वाणी समाप्त होने पर ईसा अकेले ही रह गये। शिष्य इस सम्बन्ध में चुप रहे और उन्होंने जो देखा था, उस विषय पर वे उन दिनों किसी से कुछ नहीं बोले।