आज के संत: संत जॉन बस्को, पुरोहित, धार्मिक संस्थापक
📒पहला पाठ: 2 समूएल 12: 1-7, 10:17
1 प्रभु ने नातान को दाऊद के पास भेजा। नातान ने उसके पास आकर कहा, “एक नगर में दो व्यक्ति रहते थे। एक धनी था और दूसरा दरिद्र।
2 धनी के पास बहुत-सी भेड़-बकरियाँ और गाय-बैल थे।
3 दरिद्र के पास केवल एक छोटी-सी भेड़ थी, जिसे उसने ख़रीदा था। वह उसका पालन-पोषण करता था। वह भेड़ उसके यहाँ उसके बच्चों के साथ बड़ी होती जा रही थी। वह उसकी रोटी खाती, उसके प्याले में पीती और उसकी गोद में सोती थी। वह उसके लिए बेटी के समान थी।
4 “किसी दिन धनी के यहाँ एक अतिथि पहुँचा। धनी ने अपने यहाँ आये हुए यात्री को खिलाने के लिए अपने पशुओं में से किसी को भी लेना नहीं चाहा, बल्कि उसने दरिद्र की भेड़ छीन ली और उसे पका कर अपने अतिथि के लिए भोजन का प्रबन्ध किया।”
5 दाऊद का क्रोध उस मनुष्य पर भड़क उठा और उसने नातान से कहा, “जीवन्त प्रभु की शपथ! जिस व्यक्ति ने ऐसा किया, वह प्राणदण्ड के योग्य है।
6 वह भेड़ का चैगुना दाम चुकायेगा, क्योंकि उसने ऐसा निर्दय काम किया है।”
7 नातान ने दाऊद से कहा, “आप ही वह धनी व्यक्ति हैं। प्रभु, इस्राएल का ईश्वर यह कहता है – मैंने तुम्हारा अभिषेक इस्राएल के राजा के रूप में किया।
10 इसलिए अब से तलवार तुम्हारे घर से कभी दूर नहीं होगी; क्योंकि तुमने मेरा तिरस्कार किया और ऊरीया हित्ती की पत्नी को अपनी पत्नी बना लिया।
11 प्रभु यह कहता है: मैं तुम्हारे अपने घर से तुम्हारे लिए विपत्ति उत्पन्न करूँगा। मैं तुम्हारे देखते-देखते तुम्हारी पत्नियों को ले जा कर तुम्हारे पड़ोसी को दे दूँगा, जो खुले आम उनके साथ रमण करेगा।
12 तुमने गुप्त रूप से यह काम किया, मैं समस्त इस्राएल के सामने प्रकट रूप से यह करूँगा।”
13 दाऊद ने नातान से कहा, “मैनें प्रभु के विरुद्ध पाप किया है।” इस पर नातान ने दाऊद से कहा, “प्रभु ने आपका यह पाप क्षमा कर दिया है। आप नहीं मरेंगे।
14 किन्तु आपने इस काम के द्वारा प्रभु का तिरस्कार किया, इसलिए आप को जो पुत्र उत्पन्न होगा, वह अवश्य मर जायेगा।”
15 इसके बाद नातान अपने घर गया। प्रभु ने उस बच्चे को मारा, जिसे ऊरीया की पत्नी ने दाऊद के लिए उत्पन्न किया था और वह बहुत ही बीमार पड़ा।
16 दाऊद ने बच्चे के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उसने कुछ भी नहीं खाया और वह अपने शयनकक्ष जा कर रात में भी भूमि पर सोता रहा।
17 दरबार के वयोवृद्धों ने उससे अनुरोध किया कि वह भूमि पर सोना छोड़ दे, किन्तु उसने उनकी बात नहीं मानी और उनके साथ भोजन करना अस्वीकार किया।
📘सुसमाचार : मारकुस 4: 35-41
35 उसी दिन, सन्ध्या हो जाने पर, ईसा ने अपने शिष्यों से कहा, “हम उस पार चलें”।
36 लोगों को विदा करने के बाद शिष्य ईसा को उसी नाव पर ले गये, जिस पर वे बैठे हुए थे। दूसरी नावें भी उनके साथ चलीं।
37 उस समय एकाएक झंझावात उठा। लहरें इतने ज़ोर से नाव से टकरा नहीं थीं कि वह पानी से भरी जा रही थी।
38 ईसा दुम्बाल में तकिया लगाये सो रहे थे। शिष्यों ने उन्हें जगा कर कहा, “गुरुवर! हम डूब रहे हैं! क्या आप को इसकी कोई चिन्ता नहीं?”
39 वे जाग गये और उन्होंने वायु को डाँटा और समुद्र से कहा, “शान्त हो! थम जा!” वायु मन्द हो गयी और पूर्ण शान्ति छा गयी।
40 उन्होंने अपने शिष्यों से कहा, “तुम लोग इस प्रकार क्यों डरते हो ? क्या तुम्हें अब तक विश्वास नहीं हैं?”
41 उन पर भय छा गया और वे आपस में यह कहते रहे, “आखिर यह कौन है? वायु और समुद्र भी इनकी आज्ञा मानते हैं।”