तीसवाँ सामान्य सप्ताह
आज के संत: संत अल्फोंस रोद्रीगेज (कुलचन्द्र)
📒पहला पाठ- रोमियों 9: 1-5
1 मैं मसीह के नाम पर सच कहता हूँ और मेरा अन्तःकरण पवित्र आत्मा से प्रेरित हो कर मुझे विश्वास दिलाता है कि मैं झूठ नहीं बोलता-
2 मेरे हृदय में बड़ी उदासी तथा निरन्तर दुःख होता है।
3 मैं अपने रक्त-सम्बन्धी भाइयों के कल्याण के लिए मसीह से वंचित हो जाने के लिए तैयार हूँ।
4 वे इस्राएली हैं। ईश्वर ने उन्हें गोद लिया था। उन्हें ईश्वर के सान्निध्य की महिमा, विधान, संहिता, उपासना तथा प्रतिज्ञाएं मिली है।
5 कुलपति उन्हीं के हैं और मसीह उन्हीं में उत्पन्न हुए हैं। मसीह सर्वश्रेष्ठ हैं तथा युगयुगों तक परमधन्य ईश्वर हैं। आमेन।
📙सुसमाचार – लूकस 14: 1-6
1 ईसा किसी विश्राम के दिन एक प्रमुख फ़रीसी के यहाँ भोजन करने गये। वे लोग उनकी निगरानी कर रहे थे।
2 ईसा ने अपने सामने जलोदर से पीड़ित एक मनुष्य को देख कर
3 शास्त्रियों तथा फ़रीसियों से यह कहा, “विश्राम के दिन चंगा करना उचित है या नहीं?”
4 वे चुप रहे। इस पर ईसा ने जलोदर-पीड़ित का हाथ पकड़ कर उसे अच्छा कर दिया और विदा किया।
5 तब ईसा ने उन से कहा, “यदि तुम्हारा पुत्र या बैल कुएँ में गिर पड़े, तो तुम लोगों में ऐसा कौन है, जो उसे विश्राम के दिन ही तुरन्त बाहर निकाल नहीं लेगा?”
6 और वे ईसा को कोई उत्तर नहीं दे सके।