चालीसा काल


📒 पहला पाठ : दानिएल 3: 25, 34-43

25 अजर्या खड़ा हो कर प्रार्थना करने लगा और उसने आग की लपटों के बीच यह कहना आरंभ किया:

34 तू अपने नाम का ध्यान रख कर हमें सदा के लिए न त्याग; हमारे लिए अपना विधान रद्द न कर।

35 अपने मित्र इब्राहीम, अपने सेवक इसहाक और अपने भक्त इस्राएल का स्मरण कर। अपनी कृपादृष्टि हम पर से न हटा।

36 तूने उन से यह प्रतिज्ञा की थी कि आकाश के तारों की तरह और समुद्रतट के रेतकणों की तरह तुम्हारे वंशजों को असंख्या बना दूँगा।

37 प्रभु! संख्या की दृष्टि से, हम सब राष्ट्रों से छोटे हो गये हैं

38 और हमारे पापों के कारण पृथ्वी भर में हमारा अपमान हो रहा है। अब तो न राजा है, न नबी, न नेता, न होम, न यज्ञ, न बलि, न धूपदान।

39 कोई स्थान ऐसा नहीं, जहां तेरी कृपादृष्टि प्राप्त करने के लिए हम तुझे प्रथम फल अर्पित करें।

40 हमारा पश्चात्तापी हृदय और हमारा विनम्र मन मेढ़ों, साँडो और हज़ारों पुष्ट भेड़ो की बलि-जैसे तुझे ग्राह्य हों। आज तेरे लिए यही हमारा बलिदान हो। ऐसा कर कि हम पूर्ण रूप से तेरे मार्ग पर चलें, क्योंकि तुझ पर भरोसा रखने वाले कभी निराश नहीं होते।

41 अब हम यह दृढ संकल्प करते हैं कि हम तेरे मार्ग पर चलेंगे, तुझ पर श्रद्धा रखेंगे, और तेरे दर्शनों की कामना करते रहेंगे।

42 हमें निराश न होने दे, बल्कि हम पर अपनी सहनशीलता तथा महती दया प्रदर्शित कर।

43 प्रभु! अपने अपूर्व कार्यों द्वारा हमारी रक्षा कर और अपने नाम को महिमान्वित कर।


📘 सुसमाचार : मत्ती 18: 21-35

21 तब पेत्रुस ने पास आ कर ईसा से कहा, “प्रभु! यदि मेरा भाई मेरे विरूद्ध अपराध करता जाये, तो मैं कितनी बार उसे क्षमा करूँ? सात बार तक?”

22 ईसा ने उत्तर दिया, “मैं तुम से नहीं कहता- सात बार तक, बल्कि सत्तर गुना सात बार तक।

23 “यही कारण है कि स्वर्ग का राज्य उस राजा के सदृश है, जो अपने सेवकों से लेखा लेना चाहता था।

24 जब वह लेखा लेने लगा, तो उसका लाखों रुपये का एक कर्ज़दार उसके सामने पेश किया गया।

25 अदा करने के लिए उसके पास कुछ भी नहीं था, इसलिए स्वामी ने आदेश दिया कि उसे, उसकी पत्नी, उसके बच्चों और उसकी सारी जायदाद को बेच दिया जाये और ऋण अदा कर लिया जाये।

26 इस पर वह सेवक उसके पैरों पर गिर कर यह कहते हुए अनुनय-विनय करता रहा, ‘मुझे समय दीजिए और मैं आप को सब चुका दूँगा।

27 उस सेवक के स्वामी को तरस हो आया और उसने उसे जाने दिया और उसका कर्ज़ माफ़ कर दिया।

28 जब वह सेवक बाहर निकला, तो वह अपने एक सह-सेवक से मिला, जो उसका लगभग एक सौ दीनार का कर्ज़दार था। उसने उसे पकड़ लिया और उसका गला घोंट कर कहा, ‘अपना कर्ज़ चुका दो’।

29 सह-सेवक उसके पैरों पर गिर पड़ा और यह कहते हुए अनुनय-विनय करता रहा, ‘मुझे समय दीजिए और मैं आप को चुका दूँगा’।

30 परन्तु उसने नहीं माना और जा कर उसे तब तक के लिए बन्दीगृह में डलवा दिया, जब तक वह अपना कर्ज़ न चुका दे।

31 यह सब देख कर उसके दूसरे सह-सेवक बहुत दुःखी हो गये और उन्होंने स्वामी के पास जा कर सारी बातें बता दीं।

32 तब स्वामी ने उस सेवक को बुला कर कहा, ‘दुष्ट सेवक! तुम्हारी अनुनय-विनय पर मैंने तुम्हारा वह सारा कर्ज़ माफ़ कर दिया था,

33 तो जिस प्रकार मैंने तुम पर दया की थी, क्या उसी प्रकार तुम्हें भी अपने सह-सेवक पर दया नहीं करनी चाहिए थी?”

34 और स्वामी ने क्रुद्ध हो कर उसे तब तक के लिए जल्लादों के हवाले कर दिया, जब तक वह कौड़ी-कौड़ी न चुका दे।

35 यदि तुम में हर एक अपने भाई को पूरे हृदय से क्षमा नहीं करेगा, तो मेरा स्वर्गिक पिता भी तुम्हारे साथ ऐसा ही करेगा।”